ठाकुरगंज के निटाल बस्ती में लाखों की चोरी, नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े चोर

SHARE:

कुलभूषण सिंह /ठाकुरगंज

नगर पंचायत के वार्ड संख्या 06 स्थित निटाल बस्ती में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी समेत लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत और मायूसी का माहौल है। पीड़ित गृहस्वामी गोपाल अधिकारी ने थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।


दिए गए आवेदन के अनुसार मंगलवार को अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर 56 हजार रुपये नकद के अलावा दो मंगलसूत्र, बच्चे की सोने की चेन, दो अंगूठियां, कान के आभूषण, ईयरिंग सहित कई सोने के गहने चोरी कर लिए। इसके अलावा चांदी की पायल, बाला, चेन, सिंदूरदानी, माता लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की चांदी की मूर्तियां, चांदी का लोटा सहित अन्य कीमती सामान भी चोर अपने साथ ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।


पीड़ित गोपाल अधिकारी ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई।


गौरतलब है कि ठाकुरगंज क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा चोरों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई