पूजा कक्ष में फंदे से लटका मिला शव संवाददाता /ठाकुरगंज
संवाददाता /ठाकुरगंज
नगर पंचायत ठाकुरगंज के वार्ड संख्या 06 स्थित निटालबस्ती में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। जिस घर में हर दिन की तरह सुबह की शुरुआत होनी थी, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। 39 वर्षीय व्यवसायी वेणु गोपाल झा का शव उनके ही घर के पूजा कक्ष में फंदे से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे और देखते ही देखते घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।
परिजनों के अनुसार, सोमवार रात वेणु गोपाल झा ने परिवार के साथ सामान्य रूप से भोजन किया और करीब साढ़े दस बजे सोने चले गए। किसी को यह अंदाजा नहीं था कि अगली सुबह परिवार को इतना भयावह दृश्य देखने को मिलेगा। मंगलवार तड़के उनकी पत्नी और बच्चों की नजर पूजा कक्ष में फंदे से लटके उनके शव पर पड़ी तो पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़े चले आए और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल एवं वार्ड पार्षद दिलीप सिंह ने ठाकुरगंज थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष मो. मकसूद आलम अशरफी और अपर थानाध्यक्ष नवनीत कुमार नमन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि मृतक जैविक (ऑर्गेनिक) खाद के व्यवसाय से जुड़े थे और किसानों के बीच घर-घर जाकर खाद की आपूर्ति करते थे। हालांकि पिछले कुछ महीनों से उनका व्यवसाय अपेक्षित रूप से नहीं चल रहा था, जिससे वे मानसिक तनाव में रहने लगे थे। आर्थिक दबाव और पारिवारिक चिंताओं को लेकर भी वे अक्सर परेशान दिखाई देते थे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आर्थिक एवं घरेलू परेशानियों को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
थानाध्यक्ष मो. मकसूद आलम अशरफी ने बताया कि मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) कांड दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद निटालबस्ती सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मृतक को मिलनसार, मेहनती और सरल स्वभाव का व्यक्ति बताते हुए घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।























