समेली /कटिहार – समेली प्रखंड अंतर्गत चकला मौलानगर पंचायत भवन में प्रतिष्ठा जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, समेली द्वारा संचालित “दीदी की सिलाई घर” ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार का सशक्त मंच बनकर उभर रहा है।
यह पहल न केवल महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर भी बना रही है। जीविका दीदी सिलाई केंद्र का निरीक्षण प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुमार पप्पू, जीविका के बीपीएम प्रकाश सिंह,एसी सुमित कुमार, उपप्रमुख कंचन देवी, मुखिया राजेश कुमार मंडल, सरपंच मनोज पटेल, पंचायत समिति सदस्य अमरेंद्र माधव, जदयू नेता मनोज मंडल, दिलीप कुमार साह एवं सुनील कुमार शर्मा ने किया।
केंद्र में वर्तमान में आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए पोशाक तैयार की जा रही है। इस पहल के तहत लगभग 35 जीविका दीदियों को रोजगार मिला है। कार्य शुरू करने से पहले सभी महिलाओं को सात दिनों का विशेष सिलाई-कटाई प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे सिलाई कार्य में दक्ष बन सकें। प्रशिक्षण के बाद महिलाएं प्रतिदिन 5 से 8 सेट पोशाकों की सिलाई कर रही हैं।
जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक प्रकाश सिंह ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि दीदियों द्वारा तैयार पोशाकें आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण सामग्री भी उपलब्ध हो रही है।
एसी सुमित कुमार ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में कुल 120 महिलाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। फिलहाल 34 जीविका दीदियों को चार बैचों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
भविष्य में सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए यूनिफॉर्म तैयार करने की भी योजना है, जिससे ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। कार्यक्रम में सीएलएफ की एमबीके गीता कुमारी, अध्यक्ष पिंकी देवी, सचिव रूबी देवी, कोषाध्यक्ष मंजू देवी, एमआईएस पवन कुमार, प्रशिक्षक खुशबू कुमारी, प्रवीण कुमार, उत्तम कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु जीविका दीदियां उपस्थित रही।
























