बाघमारा पंचायत भवन में सहयोग शिविर आयोजित,ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ समाधान

SHARE:

मनिहारी /कटिहार – प्रखंड के बाघमारा पंचायत भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं और शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष रखा। शिविर का उद्देश्य आम लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा लाभार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना था।

शिविर के दौरान राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान भारत योजना,आवास योजना, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया।

ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा पात्रता संबंधी जानकारी भी दी गई। शिविर में पहुंचे लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार के आयोजन से उन्हें प्रखंड और जिला मुख्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिलती है तथा उनकी समस्याओं का समाधान आसानी से हो जाता है।अधिकारियों ने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे सहयोग शिविर आयोजित किए जाते हैं।

उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित विभाग से संपर्क करने की अपील की।
शिविर के सफल संचालन में पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के कर्मियों तथा स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध भी किए गए थे। शिविर में जिले प्रभारी सचिव सह सचिव परिवहन विभाग राज कुमार, प्रभारी डीएम सह एडीएम डाॅ. विनोद कुमार, उप विकास आयुक्त अमित कुमार,एसडीएम सदर प्रद्युम्न सिंह यादव, जिला पंचायतीराज पदाधिकारी योगेन्द्र प्रसाद, एसडीएम मनिहारी त्रिलोकीनाथ सिंह, एसडीपीओ बिनोद कुमार, सीओ निहारिका राय, बीडीओ सनत कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सोनू कुमार, अन्य अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई