टेढ़ागाछ थाना में चौकीदारी परेड आयोजित,पुलिस निरीक्षक ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ थाना परिसर में रविवार को पुलिस निरीक्षक बहादुरगंज अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में चौकीदारी परेड का आयोजन किया गया। परेड में थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों एवं गांवों के चौकीदारों ने भाग लिया। इस दौरान पुलिस निरीक्षक ने चौकीदारों की उपस्थिति, अनुशासन, कार्यशैली तथा क्षेत्र में उनकी सक्रियता की समीक्षा की।पुलिस निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क एवं सजग रहने का निर्देश देते हुए कहा कि गांव स्तर पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में चौकीदारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, आपराधिक घटना, सामाजिक तनाव, अवैध कारोबार, नशा तस्करी, चोरी, डकैती अथवा अन्य कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाओं की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना को उपलब्ध कराएं।उन्होंने चौकीदारों से आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पुलिस और ग्रामीणों के बीच सेतु की भूमिका निभाने का आह्वान किया।

साथ ही बरसात एवं बाढ़ के मौसम को देखते हुए संभावित आपदा संबंधी सूचनाओं पर भी विशेष नजर रखने और समय पर प्रशासन को अवगत कराने का निर्देश दिया।परेड के दौरान चौकीदारों के वर्दी, पहचान पत्र तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने उन्हें सरकारी दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा नियमित रूप से अपने क्षेत्रों की गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी।

मौके पर टेढ़ागाछ थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे। चौकीदारी परेड का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा पुलिस एवं चौकीदारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बताया गया।अधिकारियों ने कहा कि चौकीदारों की सक्रियता से अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में काफी सहायता मिलती है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई