कटिहार – कटिहार रेल मंडल के विकास एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नरह के नेतृत्व में कोशी रेल पर्यावरण उद्यान एवं प्रशिक्षण क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अवसर पर रेल अधिकारियों द्वारा 500 से अधिक विभिन्न प्रजातियों के ऑर्नामेंटल पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीआरएम किरेंद्र नरह ने कहा कि प्रशिक्षण क्षेत्र को एक आदर्श हरित एवं आधुनिक परिसर के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि रेल प्रशासन द्वारा इस क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिनका परिणाम जल्द ही देखने को मिलेगा।
डीआरएम किरेंद्र नरह के कुशल मार्गदर्शन, दूरदर्शी सोच एवं सतत प्रयासों के कारण कभी कोशी गोल्फ कोर्स के नाम से पहचाना जाने वाला यह 109 एकड़ में फैला विशाल क्षेत्र अब एक नए स्वरूप में विकसित हो रहा है। आने वाले दिनों में यह न केवल सीमांचल क्षेत्र के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि भारतीय रेल के सर्वश्रेष्ठ पर्यावरणीय एवं प्रशिक्षण परिसरों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।रेल प्रशासन द्वारा यहां 2.8 किलोमीटर लंबी पक्की पाथ-वे का निर्माण कराया गया है।
जिससे आम नागरिक प्राकृतिक वातावरण के बीच भ्रमण कर स्वास्थ्य लाभ के साथ शुद्ध एवं ताजी हवा का आनंद ले सकेंगे। पूरे परिसर में आम,लीची, अमरूद, आंवला सहित अनेक फलदार एवं छायादार वृक्ष पहले से ही हरियाली की अनुपम छटा बिखेर रहे हैं।
डीआरएम किरेंद्र नरह की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता और विकासोन्मुखी सोच के कारण यह क्षेत्र भविष्य में कटिहार रेल मंडल की एक विशिष्ट पहचान बनकर उभरेगा।इस अवसर पर पीआरओ सह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह सहित मंडल के सभी वरिष्ठ और कनीय रेल अधिकारी उपस्थित रहे ।























