पोठिया में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना प्रधानमंत्री मोदी का 134वां ‘मन की बात’, बूथों पर दिखा उत्साह

SHARE:

पोठिया/किशनगंज/राज कुमार


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 134वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर रविवार को पोठिया प्रखंड के विभिन्न बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रखंड के कुसियारी पंचायत अंतर्गत बूथ संख्या 60 स्थित किचकिचीपाड़ा गांव में भाजपा नेता संजय उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और उनके विचारों पर चर्चा की।

जानकारी के अनुसार पोठिया मंडल में 38 स्थानों, पहाड़कट्टा मंडल में 36 स्थानों तथा छत्तरगाछ मंडल में लगभग 30 स्थानों पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय एथलेटिक्स की नई उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए 100 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले खिलाड़ियों गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेश कुजुर से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारतीय धावकों का भविष्य उज्ज्वल है और देश के युवा लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के आकाश गुप्ता तथा गोवा के बालकृष्ण अय्यर के प्रयासों की सराहना की। साथ ही उत्तर प्रदेश की डॉल्फिन रेस्क्यू एम्बुलेंस का जिक्र करते हुए जल जीवों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

भीषण गर्मी के बीच उन्होंने तैराकी को स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताते हुए केरल के साजी जी के प्रयासों की चर्चा की, जो युवाओं को तैराकी का प्रशिक्षण दे रहे हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने बिहार के जरदालू, पश्चिम बंगाल के हिमसागर, आंध्र प्रदेश के स्वर्ण रेखा, बंगनपल्ली तथा तोतापुरी जैसे आमों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के आम अब वैश्विक बाजारों में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने युवाओं में खगोल विज्ञान के प्रति बढ़ती रुचि और विभिन्न एस्ट्रोनॉमी क्लबों की गतिविधियों की भी सराहना की।

किचकिचीपाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता संजय उपाध्याय, मनोज अग्रवाल, राहुल यादव, शोभा रानी, संजय दास, धीरज दास, जयंत सिंह, तेनु सिंह, राकेश सिंह, रेखा देवी, अजीत कुमार झा, उमाशंकर दास, गुंटूर पासवान, मनोज सिंह, सुपौल मुर्मू, नारायण सिंह, सपन सिंह, अमन कुमार सिंह एवं राजकुमार राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा सभी मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रमुख एवं बूथ अध्यक्ष भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई