किशनगंज:एसपी ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाली महिला एस आई को किया निलंबित

SHARE:

सागर चंद्रा/ किशनगंज

एसपी संतोष कुमार ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने और अनुशासनहीनता के आरोप में बहादुरगंज थाना में तैनात महिला एस आई सावित्री कुमारी को निलंबित कर दिया है।
दरअसल बहादुरगंज अंचल के पुलिस निरीक्षक ने पुलिस अधीक्षक को एक प्रतिवेदन सौंपा था। इसमें सावित्री कुमारी पर कर्तव्यहीनता, आदेशों की अवहेलना और अनुशासनहीनता के गंभीर आरोप लगाए गए थे।

वह अनुसंधान और कांडों के निष्पादन में लगातार लापरवाही बरत रही थी। साथ ही सावित्री कुमारी के विरुद्ध अधिकारियों के निर्देशों का पालन न करने, रात्रि गश्ती ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और बिना वैध कारण दैनिक रोल कॉल में शामिल न होने का भी आरोप लगाया गया हैं। मामला उजागर होने के बाद एसपी ने सावित्री कुमारी के विरुद्ध लगाये गये आरोपों की जांच का निर्देश दिया था। जांच में आरोपों को सत्य पाया गया।

साथ ही महिला एस आई के द्वारा ड्यूटी पर जाने और मामलों का प्रभार लेने से इनकार कर दिये जाने का मामला भी सामने आ गया। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सावित्री कुमारी को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, किशनगंज रहेगा। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।


एसपी ने बताया कि निलंबित महिला एस आई का आचरण विभागीय नियमों, पुलिस कार्यप्रणाली और कानूनी प्रावधानों के विपरीत पाये जाने पर उन्हें सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित किया गया है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई