धूमधाम से मना ईद-उल-अजहा का त्योहार,सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन

SHARE:

डंडखोरा /कटिहार—प्रखंड क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय का पवित्र त्योहार ईद-उल-अजहा आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में धूमधाम के साथ मनाया गया।

सुबह होते ही नए-नए परिधानों में सजे नमाजी प्रखंड के शकरपुरा,डंडखोरा,भमरैली,रायपुर,द्वाशय,मगुरजान सहित विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों की ओर रुख करने लगे, जहाँ उन्होंने देश में अमन-चैन और खुशहाली के लिए सामूहिक रूप से खुदा की बारगाह में हाथ उठाए और नमाज अदा की।

नमाज संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। इसके बाद खुदा की राह में कुर्बानी की रस्म पूरी की गई।त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। प्रखंड क्षेत्र के सभी संवेदनशील और प्रमुख चौराहों पर सुबह से ही पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी।

प्रशासनिक अधिकारी, थानाध्यक्ष विजय कुमार महतो , अपर थानाध्यक्ष अमलेंदू सिंह सहित पुलिस बल के जवान लगातार गश्त करते रहे और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखी।थानाध्यक्ष विजय कुमार महतो ने बताया कि त्योहार के दौरान पूरे थाना क्षेत्र से किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। खबर लिखे जाने तक संपूर्ण प्रखंड में त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हुआ।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई