जिले के सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाल कर शांतिपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाने की अपील
सागर चंद्रा/किशनगंज
बकरीद पर्व के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन चौकस
बकरीद पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिले के सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थलों पर अभी से दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी और बल की तैनाती कर दी गई है।
डीएम विशाल राज और एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में 05 गश्ती दल सहित 300 से अधिक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिसमे कुल 303 दंडाधिकारी, 325 से अधिक पुलिस पदाधिकारी एवं करीब 1000 पुलिस बल की तैनाती की गई है। आज सुबह 4 बजे से आगामी शनिवार या अगले आदेश तक दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षकों के नेतृत्व में सभी थानों में संवेदनशील क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन और फ्लैग मार्च किया जा रहा है।
वहीं जिला और अनुमंडल स्तर पर 10 क्यूआरटी टीम का गठन किया गया है। ताकि आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। विभिन्न गश्ती दलों में दण्डाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी के साथ बल अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था पर नजरें गड़ाए हुए हैं।
थाना गश्ती के साथ-साथ बाईक पेट्रोलिंग के द्वारा भी सतत निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख स्थलों पर स्थायी पुलिस पिकेट स्थापित किए गए हैं तथा थाना गश्ती के साथ-साथ बाईक पेट्रोलिंग के माध्यम से 24×7 सतत निगरानी रखी जा रही है।
वहीं सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले के विरूद्ध स्थानीय थाना के साथ हीं साईबर थाना एवं जिलास्तरीय सोशल मिडिया सेल के द्वारा निगरानी रखी जा रही है। साथ ही विधि-व्यवस्था संधारण के लिए उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई लगातार की जा रही है।
पर्व से पूर्व सभी थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से समन्वय स्थापित किया गया है। जिले की स्थिति पर नजर रखने के लिए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर कंट्रोल रूम का गठन किया गया है, जहां से स्थिति की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।
साथ ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी या पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर आमजनों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया है तथा पर्व को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द्र के साथ मनाने की अपील की गई है।
इसके अतिरिक्त, दण्डाधिकारी के साथ संयुक्त गश्ती दलों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था की निगरानी करेंगे तथा तैनात पुलिस बल की उपस्थिति एवं तत्परता की नियमित जांच सुनिश्चित करेंगे।
खुशरो सिराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वन को किशनगंज-01 अनुमंडल, राजेश कुमार सिंह (प्रभारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02) को ठाकुरगंज पुलिस अनुमंडल, रविशंकर (पुलिस उपाधीक्षक, साइबर) को बहादुरगंज थाना क्षेत्र, सर्किल इंस्पेक्टर राजा को विशनपुर, इंस्पेक्टर उमेश कुमार को दिघलबैंक और इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंथ को पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र का वरीय प्रभार सौंपा गया है। सभी वरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमणशील रहकर बकरीद से संबंधित सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है।
इस मौके पर डीएम और एसपी ने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा कि बकरीद पर्व को शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर-06456-222238 तथा मोबाईल (व्हाट्सअप) नंबर 9031816147/9031816141 एवं जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर-06456-225152 पर दे सकते हैं।

























