सालमारी /कटिहार – आजमनगर प्रखंड क्षेत्र के पिढाल पंचायत के दिघलिया वार्ड संख्या 9 में खेत में गिरे बिजली तार की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान संजरी खातून (37) पति मो. परवेज आलम निवासी दिघलिया वार्ड 9 के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार देर रात आई तेज आंधी के दौरान बिजली का तार खेत में गिर गया था।
स्थानीय लोगों द्वारा इसकी जानकारी दिए जाने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से समय पर तार हटाने या बिजली आपूर्ति बंद करने की कार्रवाई नहीं की गई। बुधवार करीब 1:30 बजे दिन में संजरी खातून खेत में काम करने गई थीं। इसी दौरान वह खेत में गिरे बिजली तार के संपर्क में आ गईं।
जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना से नाराज ग्रामीणों एवं परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ सोहरागाछी मोड़ के समीप एसएच-98 सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
सड़क जाम के कारण घंटों यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई एवं सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम समाप्त कराया गया।

























