मारवाड़ी कॉलेज में  “तंबाकू मुक्त संस्थान एवं समाज” सेमिनार आयोजित

SHARE:

किशनगंज। मारवाड़ी कॉलेज किशनगंज के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से “तंबाकू मुक्त संस्थान एवं समाज” विषय पर एक जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. संजीव कुमार ने की।

 अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. डॉ. संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी यदि संकल्प ले ले तो समाज से इस बुराई को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और दूसरों को भी तंबाकू से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की। इसके पश्चात उन्होंने सभी विद्यार्थियों को तंबाकू मुक्त संस्थान एवं समाज बनाने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विजेता दास ने मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धूम्रपान और तंबाकू की लत मानसिक तनाव, अवसाद और व्यवहारगत समस्याओं को बढ़ावा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मनियंत्रण और सकारात्मक सोच विकसित करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. क़सीम अख्तर ने किया। अपने संक्षिप्त संबोधन में उन्होंने कहा कि NSS का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है। 

उन्होंने विद्यार्थियों से तंबाकू मुक्त अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कुमार साकेत, डॉ. इम्तियाज़ अली, डॉ. पार्था बागची सहित कॉलेज के अनेक शिक्षक एवं दर्जनों छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वस्थ, स्वच्छ और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण हेतु मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।इस मौके पर रविकांत गुंजन, अर्णव लाहिरी समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई