गंगा सप्तमी पर काढ़ागोला घाट पर दीपोत्सव मनाया गया

SHARE:

वैदिक विधि से गंगा पूजन व आरती, जागरूकता को लेकर गंगा समग्र के प्रयास सराहनीय

बरारी /कटिहार – गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर काढ़ागोला घाट पर गंगा समग्र के स्वयंसेवकों द्वारा दीपोत्सव मनाया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धा और आस्था के साथ आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। गंगा किनारे सैकड़ों दीप जलाकर मां गंगा की आराधना की गई, जिससे पूरा घाट दिव्य रोशनी से जगमगा उठा।

इस दौरान बाबा दिवाकर मिश्र द्वारा वैदिक विधि-विधान से गंगा पूजन एवं भव्य गंगा आरती की गई। आरती के समय गंगा मैया के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।इस दौरान कार्यक्रम में जिला सहसंयोजक मनोज साह, घाट प्रमुख राजकुमार साह, राजेश यादव, मनीष रजक, राजा सहित कई स्वयंसेवक मौजूद रहे।जिला संयोजक नवीन चौधरी ‘बाबा’ ने बताया कि वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को माँ गंगा का अवतरण स्वर्ग से पृथ्वी पर हुआ था,

जिसे गंगा सप्तमी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन गंगा स्नान, पूजा, आरती और दान का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि इस दिन किए गए पुण्य कार्यों से व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति होती है।उन्होंने कहा कि काढ़ागोला घाट एक ऐतिहासिक स्थल है, जिसकी पहचान को पुनर्स्थापित करने एवं माँ गंगा के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए गंगा समग्र लगातार प्रयास कर रहा है।

जिला सह संयोजक मनोज साह ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है, लेकिन जागरूकता के अभाव में नदियों का जल लगातार प्रदूषित हो रहा है। यदि समय रहते लोग सचेत नहीं हुए तो आने वाले समय में जल संकट गहरा सकता है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई