अबीर-गुलाल के बीच गूंजे जीत के नारे,चार पंचायतों में पैक्स अध्यक्षों का ऐलान

SHARE:

सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना, कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्ण ढंग से पूरी प्रक्रिया

बरारी /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के चार पंचायतों में हुए पैक्स चुनाव की मतगणना मंगलवार को आदर्श मध्य विद्यालय, गुरुबाजार स्थित केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के लिए चार टेबल बनाए गए थे, जहां 12 मतगणना कर्मियों की तैनाती की गई थी।

पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। मतगणना के दौरान निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ धीरेन्द्र कुमार धीरज, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी बीपीआरओ राजकुमार सिंह, थानाध्यक्ष सोमेश कुमार, सहकारिता पदाधिकारी सुजीत कुमार और सांख्यिकी पदाधिकारी अंजनी कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

परिणाम घोषित होते ही मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाई।

काबर पंचायत से रवि कुमार सिंह ने 521 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी चंद्रभूषण चौधरी (426 मत) को 95 वोटों से हराया। सकरेली पंचायत में महेश मंडल ने 494 मत हासिल कर राज कुमार (392 मत) को 102 वोटों से पराजित किया।

वहीं बकिया सुखाय पंचायत से योगेंद्र यादव ने 471 मत पाकर अनुपलाल यादव (381 मत) को 90 वोटों से मात दी। विशनपुर पंचायत में मिथिलेश कुमार ने 491 मत प्राप्त कर अखिलेश सिंह (451 मत) को 40 वोटों से हराकर जीत दर्ज की।

परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को फूल-मालाओं से लाद दिया और जीत का जश्न देर तक चलता रहा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई