बरारी ने खोया अपना जननेता
पूर्व मंत्री को नम आंखों से अंतिम विदाई, जनाजे में उमड़ा हजारों लोगों का सैलाब
बरारी/ कटिहार – बरारी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व राज्यमंत्री मंसूर आलम के निधन से पूरे इलाके में गहरा शोक व्याप्त है। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे मंसूर आलम का पटना स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही बरारी सहित पूरे कटिहार जिले में मातम का माहौल बन गया।
राजनीतिक,सामाजिक और आमजन के बीच शोक की लहर दौड़ गई।मंगलवार को उनके पैतृक क्षेत्र में जनाजे का आयोजन किया गया। जहां हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। जनाजे में हर वर्ग, हर समाज और विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी। जनाजे में उमड़े जनसैलाब ने यह साबित कर दिया कि मंसूर आलम जनता के दिलों में कितनी गहरी जगह रखते थे।
पूर्व मंत्री के निधन की खबर मिलते ही कटिहार कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुनील कुमार यादव भी कई कांग्रेसी नेताओं के साथ पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सुनील कुमार यादव ने कहा कि मंसूर आलम का निधन सिर्फ एक राजनीतिक क्षति नहीं, बल्कि सामाजिक जीवन के लिए भी बड़ी अपूर्णीय क्षति है।
उन्होंने मंत्री रहते हुए क्षेत्र के विकास, गरीबों की सहायता और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके कार्यों को जनता आज भी याद करती है। उन्होंने कहा कि मंसूर आलम हर जाति, हर धर्म और हर वर्ग के लोगों के बीच समान रूप से लोकप्रिय थे। वे हमेशा लोगों के सुख-दुख में खड़े रहते थे और जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। आज उनके निधन से समाज ने एक सच्चा जनसेवक, संवेदनशील नेता और लोकप्रिय व्यक्तित्व को खो दिया है।
उनके निधन से बरारी विधानसभा क्षेत्र में जो खालीपन आया है, उसे भर पाना आसान नहीं होगा। जनता उन्हें हमेशा एक कर्मठ, ईमानदार और जनहितैषी नेता के रूप में याद रखेगी। मौके पर शाहनवाज खान, राजा मिश्रा, जहांगीर आलम, इम्तियाजउल हक, एजाज हुसैन, मोहम्मद शाहनवाज, मुजीबुर रहमान, अब्दुल जब्बार, मोहम्मद मस्कूर, मोहम्मद इमाम, पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद जमाल आदि मौजूद रहे।





























