अमदाबाद/कटिहार – अमदाबाद में चरक ऋषि की पूजा पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार धूमधाम के साथ संपन्न हुई। नगर पंचायत क्षेत्र के बाजार स्थित चरक स्थल पर विधिवत प्रतिमा स्थापना के साथ अनुष्ठान की शुरुआत की गई।
पूजा के दौरान सागवान या सखुआ से बने करीब 20 से 25 फीट लंबे गोलाकार ढांचे में बांसों को मिलाकर बांधा कर इस तरह तैयार किया जाता है कि वह आसानी से वृत्ताकार में घूम सके। इस ढांचे के दोनों सिरों पर रस्सियों के सहारे पुजारी चढ़ते हैं,नीचे मौजूद सहयोगी रस्सियों को खींचकर उसे लगातार घुमाते हैं।
इसी दौरान पुजारी ऊपर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित करते हैं।आयोजन स्थल पर मुख्य पार्षद बबलू मंडल, बंटी सिंह,संदीप मंडल और किशन रजक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक उपस्थित रहे। पुजारी ने बताया कि यह पूजा परंपरागत मान्यताओं के अनुसार की जाती है और इससे गांव-समाज में रोग-व्याधियों से बचाव की आस्था जुड़ी हुई है।
ज्ञात हो कि प्रखंड के अमदाबाद बाजार और गोपालपुर चौक पर हर वर्ष यह पारंपरिक चरक पूजा इसी प्रकार आयोजित की जाती है। इस मौके पर मेले का भी आयोजन होता है, जहां बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। साथ ही किशोरों और युवाओं द्वारा पतंगबाजी कर उत्सव का आनंद लिया जाता है।





























