बारसोई को मिलेगा नया अनुमंडल कृषि कार्यालय,निर्माण स्थल पर पेड़ों की कटाई शुरू

SHARE:

विभागीय स्वीकृति के बाद कार्रवाई,

7 के बदले 21 पेड़ लगाने का पर्यावरणीय निर्देश

बारसोई /कटिहार – बारसोई में विकास की एक नई परियोजना साकार होने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। प्रस्तावित अनुमंडल कृषि कार्यालय के निर्माण को लेकर चिन्हित पेड़ों की कटाई का कार्य विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया है। विभागीय पत्र के आलोक में स्वीकृति मिलने के उपरांत ही यह कार्रवाई अमल में लाई गई है।

जानकारी के अनुसार लाखों रुपये की अनुमानित लागत से यह कृषि कार्यालय भवन निर्मित कराया जाना है, जबकि चिन्हित पेड़ों की कटाई के लिए 5 लाख 98 हजार 247 रुपये की राशि अलग से निर्धारित की गई है। विभाग द्वारा केवल पूर्व-चयनित पेड़ों को ही हटाने की अनुमति दी गई है। कटाई उपरांत स्थल को समतल कर भवन निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजगता का परिचय देते हुए विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि 7 पेड़ों की कटाई के एवज में 21 नए पेड़ रोपे जाएं। मौके पर मजदूर कटाई कर लकड़ियों को ट्रैक्टर के माध्यम से हटाने में जुटे हैं और प्रशासनिक स्तर पर पूरे कार्य की निरंतर निगरानी की जा रही है।

अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार ने बताया कि यह समस्त कार्रवाई विभागीय नियमों एवं स्वीकृति के पूर्ण अनुपालन में की जा रही है। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार ने जानकारी दी कि स्थल पर पुलिस बल की तैनाती से शांति व्यवस्था बनाए रखी जा रही है। कार्यालय निर्माण पूर्ण होने के बाद अनुमंडल के किसानों को कृषि संबंधी सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई