संगीत वाद्य यंत्रों की गुणवत्ता पर उठे सवाल,ढोलक फटने से विद्यालयों में संगीत कक्षाएं प्रभावित

SHARE:

बीईओ को लिखित शिकायत

बरारी/कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के विद्यालयों में संगीत शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा वाद्य यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हालांकि वितरण के कुछ ही दिनों बाद कई विद्यालयों में ढोलक फटने की शिकायत सामने आई है। इससे विद्यालयों में संचालित होने वाली संगीत कक्षाएं प्रभावित हो रही हैं।

प्राथमिक विद्यालय सूखासन गंज की प्रधान शिक्षिका अंजुली, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिवाना के प्रधानाध्यापक राम कुमार तथा प्राथमिक विद्यालय उचला नया टोला की प्रधान शिक्षिका उषा कुमारी ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि विद्यालय को उपलब्ध कराई गई संगीत सामग्री में ढोलक पहले से ही खराब एवं फटी हुई है। ऐसे में छात्र-छात्राएं इसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।

शिक्षकों ने मांग की है कि खराब वाद्य यंत्रों को अविलंब बदलकर नए व गुणवत्तापूर्ण वाद्य यंत्र उपलब्ध कराए जाएं,ताकि बच्चों को संगीत शिक्षा का समुचित लाभ मिल सके।इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राज कुमार सिंह ने बताया कि जिन विद्यालयों में वाद्य यंत्रों में किसी प्रकार की खराबी पाई गई है। वहां से फोटो और लिखित शिकायत प्राप्त की जा रही है।

सभी शिकायतों की रिपोर्ट तैयार कर जिला शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि अब तक दर्जनों विद्यालयों से इस प्रकार की शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं। विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों ने भी विभाग से गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। ताकि सरकार की मंशा के अनुरूप बच्चों में संगीत प्रतिभा को निखारा जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई