पति के वियोग में पत्नी ने भी त्यागे प्राण, एक ही आंगन से उठीं दो अर्थियां,रो पड़ा पूरा गांव

SHARE:

अररिया/बिपुल विश्वास

कहते हैं कि सात जन्मों का साथ केवल कहने की बात नहीं होती, कुछ लोग इसे सच कर दिखाते हैं। ऐसा ही एक हृदय विदारक और झकझोर देने वाला मामला फारबिसगंज प्रखंड के सैफगंज पंचायत से सामने आया है, जहां पति की मौत का सदमा पत्नी बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने भी अपने प्राण त्याग दिए। एक ही दिन, एक ही आंगन से उठी पति-पत्नी की अर्थियों ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैफगंज पंचायत के वर्तमान सरपंच रामानंद पासवान के पुत्र मनोज पासवान पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। परिजनों द्वारा उनका बेहतर इलाज करवाया जा रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। बीमारी से लड़ते हुए मनोज पासवान जिंदगी की जंग हार गए और उनका निधन हो गया। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी ने तोड़ा दम
मनोज पासवान की मृत्यु की खबर जैसे ही उनकी पत्नी को मिली, उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पति के जाने का वियोग वह सहन नहीं कर सकीं। विलाप करते-करते उनकी स्थिति बिगड़ी और कुछ ही देर में उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस घटना को देख वहां मौजूद हर शख्स सन्न रह गया।

एक साथ उठीं दो अर्थियां, पसरा मातमी सन्नाटा

सरपंच रामानंद पासवान के घर में जहां बेटे के इलाज को लेकर उम्मीदें थीं, वहां अब दोहरी मौत से कोहराम मच गया है। जब घर के आंगन से पति और पत्नी की अर्थियां एक साथ उठीं, तो पत्थर दिल भी पिघल गए। अंतिम संस्कार में शामिल होने आए ग्रामीणों की आंखें नम थीं।
फिलहाल, सैफगंज गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। हर जुबान पर बस इसी दंपति के प्रेम और इस दुखद अंत की चर्चा है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई