अंचल अधिकारियों का हड़ताल समाप्त, कार्य पर लौटे

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

टेढ़ागाछ प्रखंड के अंचल कार्यालय में प्रशासनिक कार्य एक बार फिर से पूरी तरह पटरी पर लौट आया है। 2 फरवरी से हड़ताल पर गए अंचल अधिकारी शशि कुमार ने 7 फरवरी से पुनः अपने कर्तव्यों का निर्वहन शुरू कर दिया है। उनके कार्य पर लौटने से अंचल कार्यालय में ठप पड़े राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

अंचल अधिकारी शशि कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वे 2 फरवरी से हड़ताल पर थे, लेकिन अब 7 फरवरी से नियमित रूप से कार्यालय आकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हड़ताल के दौरान जो भी कार्य लंबित रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किया जाएगा, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

हड़ताल की अवधि में टेढ़ागाछ अंचल कार्यालय में दाखिल- खारिज, भूमि म्यूटेशन, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, भू-लगान से जुड़े कार्य सहित कई महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित रहीं। दूर-दराज के गांवों से आए लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ा, जिससे आम नागरिकों में असंतोष भी देखा गया।7 फरवरी को अंचल अधिकारी के वापस लौटते ही कार्यालय में रौनक लौट आई। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचने लगे।

कार्यालय कर्मियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे पूरी तत्परता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें तथा समयबद्ध तरीके से आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करें।स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने अंचल अधिकारी के कार्य पर लौटने का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अंचल कार्यालय आम जनता से सीधे जुड़ा हुआ विभाग है, ऐसे में इसका सुचारू रूप से संचालित होना बेहद जरूरी है।

अब उम्मीद जताई जा रही है कि लंबित मामलों का शीघ्र समाधान होगा और लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सकेगा।अंचल कार्यालय में पुनः कार्य शुरू होने से प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में विकास संबंधी कार्यों को भी गति मिलने की संभावना है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई