किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के बलुआ कलियागंज–गम्हरिया रोड स्थित जामिया फातिमा तुज़ ज़हरा लीलबनात का संगेबुनियाद सोमवार को खैर-ओ-बरकत के साथ रखा गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, धार्मिक विद्वानों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में टेढ़ागाछ जिला परिषद सदस्य अकमल समसी, पलासी 26 से भावी जिला परिषद प्रत्याशी मो. अली, जिला अध्यक्ष अररिया हारिश, मौलाना अल्हाज शफी उज़्ज़मा, मौलाना निसार अहमद, सूफी मो. सुलेमान शाह, मोजीब आलम, मंजर आलम, जैनुल, मंजूर, अहमद रज़ा, इस्माईल, हाफिज अशरफ सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
संस्थान के जिम्मेदार मास्टर मो. बेलाल रज़ा ने बताया कि जामिया फातिमा तुज़ ज़हरा लीलबनात की स्थापना विशेष रूप से बालिकाओं की तालीम के उद्देश्य से की जा रही है। यह संस्थान केवल लड़कियों के लिए होगा, जहां शिक्षा देने वाली सभी शिक्षिकाएं महिलाएं होंगी। उन्होंने कहा कि समाज के गरीब और यतीम परिवारों की बच्चियों को यहां निःशुल्क शिक्षा के साथ-साथ आवास की सुविधा भी प्रदान की जाएगी, ताकि कोई भी बच्ची तालीम से वंचित न रह जाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य अकमल समसी ने कहा कि “बालिकाओं की शिक्षा समाज की बुनियाद मजबूत करती है। जामिया फातिमा तुज़ ज़हरा लीलबनात जैसी संस्थाएं न केवल तालीम बल्कि संस्कार और आत्मनिर्भरता का रास्ता दिखाती हैं। गरीब और यतीम बच्चियों के लिए यह संस्थान उम्मीद की किरण बनेगा।
हम सभी का दायित्व है कि ऐसे नेक कार्यों में सहयोग करें और इसे आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं। मौके पर उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी संस्थान की स्थापना को समाज के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए दुआ की कि यह मरकज़ आने वाले समय में बालिकाओं की तालीम का मजबूत केंद्र बने। कार्यक्रम का समापन दुआ और सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।




























