किशनगंज:11 केवी तार चोरी कांड का पर्दाफाश,पुलिस की सख्त कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

पोठिया/किशनगंज/राज कुमार

जिले के पहाड़कट्टा और पोठिया थाना क्षेत्र में 11 केवी विद्युत तार चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का किशनगंज पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित और तकनीकी जांच के आधार पर इस संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में बिजली चोरी और तार कटिंग की घटनाओं पर बड़ी चोट पड़ी है।
पुलिस अधीक्षक सागर कुमार के निर्देश पर ठाकुरगंज एसडीपीओ-2 मंगलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी सर्विलांस, सूचना संकलन और मैदानी जांच के आधार पर गिरोह की पहचान की और सुनियोजित छापेमारी कर आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रात के समय 11 केवी तार काटकर मालवाहक टेंपो से इस्लामपुर की ओर ले जाते थे और उसे बेचने की तैयारी में थे। टीम ने तीन मुख्य आरोपियों सैयद आलम, जाबेर आलम और अब्दुल रहीम को पहले पकड़ा। इनकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपी जहंगीर अंसारी और भुट्टो अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चोरी का पांच बंडल तार, लगभग 220 मीटर, लोहे का चप्पल, एक मालवाहक टेंपो और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में शामिल छापेमारी टीम में ठाकुरगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मंगलेश कुमार सिंह, ठाकुरगंज के अनुमंडल पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार पंथ, पोठिया थानाध्यक्ष अंजय अमन, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार, अर्राबाड़ी थानाध्यक्ष कनक लता, छतरगाछ ओपी प्रभारी रामबहादुर शर्मा, ठाकुरगंज ओपी प्रभारी राम बहादुर शर्मा, पोठिया थाना के पु.अ.नि. सुजीत कुमार, पहाड़कट्टा थाना के पु.अ.नि. सतीश तिवारी, ठाकुरगंज थाना के स.अ.नि. राजेश कुमार दास, तकनीकी शाखा किशनगंज और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
एसपी सागर कुमार ने कहा कि बिजली तार चोरी से जनजीवन प्रभावित होता है और ऐसे अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ठाकुरगंज एसडीपीओ-2 मंगलेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम की तकनीकी और मैदानी मेहनत से इस संगठित गिरोह तक पहुंच संभव हो सकी है।
इस कार्रवाई से साफ हो गया है कि किशनगंज पुलिस अपराध पर नियंत्रण के लिए पूरी तरह सक्रिय है। जिले में लगातार हो रही सख्त कार्रवाई से अपराधियों में खौफ और आम लोगों में भरोसा बढ़ा है।

सबसे ज्यादा पड़ गई