टेढ़ागाछ प्रखंड में बीडीओ अजय कुमार व प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन ने किया कंबल का वितरण

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह


प्रखंड क्षेत्र में पड़ रही अत्यधिक ठंड को देखते हुए शुक्रवार को टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय में प्रशासन की ओर से राहत कार्य की शुरुआत की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार एवं प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन ने संयुक्त रूप से वृद्धजन, दिव्यांग एवं असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया।

कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ नजर आई। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि ठंड के प्रकोप को ध्यान में रखते हुए प्रखंड की सभी 12 पंचायतों में कुल 182 असहाय, वृद्धजन एवं विकलांग लोगों के बीच कंबल का वितरण किया जाएगा।

इसकी विधिवत शुरुआत आज प्रखंड मुख्यालय से की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि ठंड के मौसम में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति बिना सहारे न रहे। सभी पंचायतों में सूचीबद्ध लाभार्थियों तक कंबल समय पर पहुंचाया जाएगा। वहीं प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन ने कहा कि गरीब, वृद्ध और दिव्यांग लोगों के लिए ठंड का मौसम बेहद कठिन होता है।

ऐसे में जनप्रतिनिधि और प्रशासन की यह सामूहिक जिम्मेदारी है कि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिले। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर इस तरह की पहल से समाज के कमजोर वर्गों को राहत मिलती है और उनमें सुरक्षा का भाव उत्पन्न होता है।

आगे भी इस तरह के जनहितकारी कार्य किए जाते रहेंगे। कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने प्रखंड प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के इस दौर में कंबल वितरण जैसे कार्य अत्यंत आवश्यक हैं।


कार्यक्रम के दौरान प्रखंड कार्यालय के कर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वितरण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और वास्तविक जरूरतमंदों को ही इसका लाभ दिया जाएगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई