दिघलबैंक थाना में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित, दो मामलों का निष्पादन

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

किशनगंज/मो अजमल

दिघलबैंक थाना परिसर में शनिवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान आम जनता की कुल छह शिकायतों पर सुनवाई की गई, जिनमें से दो मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि चार मामलों को आगामी सप्ताह के लिए सुरक्षित रखा गया है।

जनता दरबार में दिघलबैंक अंचलाधिकारी (सीओ) गरिमा गीतिका, थाना अध्यक्ष सुमेश कुमार और एसआई सहबीर सिंह मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनता दरबार के बारे में जानकारी देते हुए सीओ गरिमा गीतिका ने कहा, “जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य है कि आम लोगों को न्यायिक एवं प्रशासनिक सहायता एक ही छत के नीचे, पारदर्शी और त्वरित रूप में मिले। हर सप्ताह आयोजित होने वाले इस दरबार में क्षेत्रीय जनता अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकती है। हम हर मामले की निष्पक्ष सुनवाई कर, जल्द से जल्द निपटारा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

जनता दरबार में स्थानीय लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। लोग प्रशासन की इस पहल से संतुष्ट नजर आए और नियमित रूप से ऐसे आयोजनों की मांग की। प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया कि जनता से जुड़े हर मसले को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।

Leave a comment

दिघलबैंक थाना में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित, दो मामलों का निष्पादन