टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर टेढ़ागाछ बाल विकास परियोजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र नई बस्ती, केंद्र संख्या-120 की सेविका गुंचा बेगम के नेतृत्व में शनिवार को स्तनपान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री माताओं के बीच नवजात शिशु के लिए स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करना था।
रैली में आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, गर्भवती एवं धात्री माताओं के साथ स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां एवं संदेश लिखे पोस्टर लेकर क्षेत्र का भ्रमण किया और लोगों को बताया कि शिशु के जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करना चाहिए। साथ ही जन्म से छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध ही पिलाने की सलाह दी गई, क्योंकि यह शिशु के संपूर्ण शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए सर्वोत्तम आहार है।
आंगनबाड़ी सेविका गुंचा बेगम ने कहा कि मां का दूध शिशु को आवश्यक पोषण प्रदान करने के साथ-साथ कई गंभीर बीमारियों से भी सुरक्षा देता है। उन्होंने बताया कि छह माह तक केवल स्तनपान कराने से शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और कुपोषण की संभावना भी काफी कम हो जाती है। इसके बाद छह माह पूर्ण होने पर पूरक आहार के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने की सलाह दी जाती है।
रैली के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं अभिभावकों से अपील की गई कि वे स्तनपान को लेकर फैली भ्रांतियों से बचें और वैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय सलाह का पालन करें। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्तनपान को बढ़ावा देने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।


























