अररिया /अरुण कुमार
अररिया जिले के फारबिसगंज महाविद्यालय में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए और युवाओं को नशे से दूर रखने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में डॉ. जायसवाल ने युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण परिवार टूट रहे हैं और समाज में अपराध की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हो रही है।
उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और मीडिया कर्मियों से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति लगातार जागरूक करने की अपील की। मंत्री डॉ जायसवाल ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान तभी सफल होगा, जब समाज का हर वर्ग इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा।
डॉ. जायसवाल ने यह भी कहा कि विदेशी ताकतें भारत में सूखे नशे (सिंथेटिक ड्रग्स) का कारोबार फैलाने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ना और जड़ से खत्म करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है और इसमें जनसहयोग सबसे अहम भूमिका निभाएगा।इस मौके पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं महाविद्यालय के शिक्षक व बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।


























