किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के कालपीर पंचायत अंतर्गत बीबीगंज से रविवार को प्रथम सोमवारी के अवसर पर डाक बम सेवा समिति, बीबीगंज की सेवा टोली अवरखा कटोरिया के लिए रवाना हुई। समिति के सदस्यों ने भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए पैदल यात्रा कर रहे डाक बम श्रद्धालुओं की सेवा का संकल्प लेते हुए उत्साहपूर्वक प्रस्थान किया।
समिति द्वारा अवरखा कटोरिया में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक सेवा व्यवस्था की गई है। सेवा शिविर में ठंडा एवं गर्म पानी, लेमन टी, चाय, ड्राई फ्रूट, केला, सेब, पेड़ा, पेठा सहित अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा दर्दनाशक दवाएं, विक्स स्प्रे, बाम, ठंडा तेल तथा प्राथमिक उपचार की अन्य आवश्यक सामग्री भी श्रद्धालुओं के लिए रखी गई है, ताकि लंबी पदयात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समिति के व्यवस्थापक परमात्मा साह एवं गोपाल शर्मा ने बताया कि सावन के पावन महीने में शिवभक्तों की निस्वार्थ सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य यात्रा कर रहे प्रत्येक डाक बम को आवश्यक सहयोग और सुविधा उपलब्ध कराना है। स्थानीय लोगों ने भी समिति की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एवं धार्मिक दृष्टि से प्रेरणादायी पहल बताया।
सेवा दल में परमात्मा साह, डॉ. शिवनारायण केसरी, अशोक साह, रीता साह, शीमा साह, धीरज साह, रिंकू दास, विक्रम दास, सुंदर मंडल, पप्पू मंडल, तिलक मंडल, लालू सिंह एवं शंभू शर्मा शामिल हैं। वहीं रूपेश साह ऑपरेटर तथा चालक के सहयोग से पूरी टीम सेवा कार्य को सफल बनाने में जुटी है। समिति के इस सराहनीय प्रयास से सावन यात्रा पर निकले शिवभक्तों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


























