किशनगंज:अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अब पैदल करेगी गस्त

SHARE:

सागर चंद्रा/ किशनगंज

शहर में लगातार बढ़ रहे अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अब पैदल गस्त करेगी। इसके लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है। एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ खुशरू सिराज के द्वारा इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।


इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीपीओ ने बताया कि फुट पेट्रोलिंग के लिए पूरे शहर को कई जोन में विभाजित किया गया है। शहर के महत्वपूर्ण इलाकों में शुमार गांधी चौक, सौदागर पट्टी, चुड़ीपट्टी, पश्चिमपाली, सुभाषपल्ली, लाइन, अस्पताल रोड, धर्मशाला रोड, खगड़ा, एमजीएम रोड, धरमगंज आदि संवेदनशील इलाकों में अलग अलग टीम के द्वारा रात के वक्त पैदल गस्त की जायेगी।

प्रत्येक टीम में पुलिस पदाधिकारी के साथ पांच जवान शामिल रहेंगे। प्रत्येक टीम अपने अपने इलाके में लगातार भ्रमणशील रहेगी। ताकि अपराधी अपने मंसूबे को कामयाब ना कर सके। इसके साथ ही पुलिस की अलग टीम बाइक से भी लगातार गस्त करेगी। गस्ती टीम पर अधिकारियों के द्वारा नजर रखी जाएगी।


वहीं शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एसडीपीओ ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शहर से बाहर जाने की सूचना पुलिस को अवश्य दें। पुलिस आपके घर की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठायेगी। उन्होंने शहर वासियों से अपने घर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी अपील की। ताकि घर की फुलप्रूफ सुरक्षा की जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई