मो मुर्तुजा/ठाकुरगंज
प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित कौशल विकास सभागार में शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अहमर अब्दाली की अध्यक्षता में पंचायत एवं प्रखंड कर्मियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में 17 एवं 18 जून 2026 को आयोजित होने वाले प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बीडीओ ने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिहार के सभी 534 प्रखंडों में एक साथ इस शिविर का आयोजन किया जाएगा। ठाकुरगंज प्रखंड कार्यालय परिसर को शिविर स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है।
शिविर में आयुष्मान भारत कार्ड, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, लखपति दीदी, पीएम स्वनिधि, दिव्यांग कल्याण योजनाएं, कामगार कल्याण बोर्ड तथा मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना सहित कई लाभार्थीपरक योजनाओं से संबंधित सेवाएं एवं लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे।
बीडीओ ने पंचायत कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों को शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश देते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं पंचायत कर्मी उपस्थित रहे।
























