लोजपा नेता बीरेंद्र तिवारी की छत से गिर कर मौत,जांच में जुटी पुलिस

SHARE:

संवाददाता/किशनगंज

शहर के लाइन मोहल्ला निवासी एवं लोक जनशक्ति पार्टी के नेता बीरेंद्र तिवारी की छत से गिरने से मौत होने से शहर में शोक की लहर दौड़ गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय बीरेंद्र तिवारी की मौत छत से गिरने के कारण हुई है. घटना के बाद आत्महत्या और हत्या, दोनों ही पहलुओं को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है.

मृतक बीरेंद्र तिवारी सदर अस्पताल रोड स्थित एक हार्डवेयर दुकान का संचालन करते थे और सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते थे. अपने शांत, मिलनसार एवं शालीन स्वभाव के कारण वे शहर में काफी लोकप्रिय थे. उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं में शोक की लहर फैल गई.


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है तथा मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.


शहर के विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने बीरेंद्र तिवारी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है. उनके निधन को शहर के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है.

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!