कोढ़ा /कटिहार – शनिवार की सुबह तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी से दहल उठा। कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज के समीप एक अनियंत्रित यात्री बस और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बस चालक स्टीयरिंग से अपना नियंत्रण खो बैठा और करीब 50 यात्रियों से भरी बस हाईवे के बीचों-बीच पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 35 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार हादसा शनिवार की अहले सुबह उस वक्त हुआ जब सड़क पर विजिबिलिटी दृश्यता काफी कम थी। बस गेड़ाबाड़ी की ओर से पूर्णिया की तरफ जा रही थी तभी जुराबगंज के पास विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही बस पलट गई, जिससे यात्री सीटों के बीच और मलबे में बुरी तरह फंस गए।

बताया जा रहा है कि सभी मजदूर नालंदा के मजीदपुर स्थित ईंट भट्टे में जी-तोड़ मेहनत करने के बाद छुट्टियों में अपने घर पश्चिम बंगाल कूचबिहार लौट रहे थे। हादसे के बाद कोढ़ा थाना अध्यक्ष पंकज आनंद तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय युवाओं की मदद से तत्परता दिखाई और बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लहूलुहान यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोढ़ा पहुंचाया गया।
इनमें से 12 यात्रियों और कार चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। बाकी 23 यात्रियों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। सड़क के बीचों-बीच बस पलटने के कारण एन एच-31 पर पूर्णिया और गेड़ाबाड़ी दोनों तरफ ट्रकों और बसों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात ठप होने के बाद थाना अध्यक्ष पंकज आनंद ने हाईवे अथॉरिटी की बड़ी जेसीबी मशीन मंगवाई।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को सड़क से हटाकर किनारे किया गया। घायलों में गोकुल मियां (31) और उनकी पत्नी समीना बीवी (27, ) मुर्रीद आलम उमर (37), सोती बीवी (25), मौसमी बीवी (30), सुल्ताना परवीन (19) रफीकुल मियां (51),अमिकुल मियां (36),ज्योदुल मिया (35),बीवी नफीसा (35), रूबी बीबी (32) अकबर अली मियां (62), रोहिल्ला बीबी (42), कलम शेख (42), मुर्शीदा खातून (22) फेंची बीबी (35), लैला खातून (30), इमाबुल (22), बीवी मरजीना (50), रेशमा खातून (18), मजीदूल मियां (60) बस ड्राइवर कृष्ण दास (34) शामिल है ।कोढ़ा थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को जब्त कर लिया है। पेट की आग बुझाकर घर लौट रहे इन मासूम मजदूरों के सफर को किसने ग्रहण लगाया। पुलिस अब इसकी जांच कर रही है।
























