एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ब्राउन शुगर सप्लायर गिरोह का भंडाफोड़,लाखो का ब्राउन शुगर जब्त,7 गिरफ्तार

SHARE:

363 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद

संवाददाता/ठाकुरगंज

मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी और कुर्लीकोट थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के एक बड़े सप्लायर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में 363 ग्राम ब्राउन शुगर, एक कार और एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

एसडीपीओ टु मनोज कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि धर्म कांटा चौक के समीप एक कबाड़ीखाना की आड़ में मादक पदार्थों का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। उक्त कबाड़ीखाना उत्तर दिनाजपुर निवासी हजरत अली द्वारा संचालित किया जाता था। सूचना के सत्यापन के बाद एसएसबी और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से जाल बिछाया और मौके पर छापेमारी की।


छापेमारी के दौरान एक लाल रंग की कार के साथ संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया। तलाशी के क्रम में उनके पास से 363 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हजरत अली (52), तोमीना बीबी खातून (30), नजीमूल हुसैन (32), बबलू शेख (53), नुरेज भाशाय (40) निवासी झापा, नेपाल, मो. साकोर (31) निवासी कटिहार तथा अकरम (18) निवासी उत्तर दिनाजपुर के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था और संगठित तरीके से मादक पदार्थों की आपूर्ति कर रहा था। प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार बिहार, पश्चिम बंगाल और नेपाल से जुड़े होने की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई