डंडखोरा/कटिहार – नवयुवकों एवं नवयुवतियों को सरकारी नौकरियों में जाने का बेहतर क्षेत्र सेना,बिहार पुलिस,होमगार्ड आदि बन गया है।जिसमें शारीरिक रुप से फीट होना जरुरी है।प्रखंड क्षेत्र में शारीरिक प्रशिक्षण पाने का उचित माध्यम नहीं रहने से क्षेत्र की प्रतिभा को सम्मान नहीं मिलता था।जिला मुख्यालय जाकर प्रशिक्षण पाना और इसके लिए मोटी फीस दे पाना ग्रामीण क्षेत्र के अभिभावकों के लिए सहज नहीं था।
इसी कमी को दूर करने के लिए जदयू कार्यकर्ता संजय हेम्ब्रम के नेतृत्व में डुमरिया फिजिकल एकेडमी का शुभारंभ डुमरिया स्थित स्टेडियम में समारोहपूर्वक किया गया। जिसमें कटिहार फिजिकल एकेडमी के प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिदिन प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्घाटन समारोह में अतिथि के रुप में उपस्थित प्रशासनिक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने फीता काटकर एकेडमी का शुभारंभ किया।मौके पर आयोजित समारोह को अतिथि के रुप में संबोधित करते हुए पंचायत समिति सदस्य बरुण कुमार राय,प्रखंड कल्याण पदाधिकारी संजीत कुमार,पूर्व मुखिया बिशुनदेव हांसदा, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित स्काउट प्रशिक्षक काशी प्रसाद चौहान,वरिष्ठ समाजसेवी रामानंद झा,अरुण मिस्त्री ने सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के संस्थान की आवश्यकता बताते हुए इसके शुरु होने पर हर्ष जताया।
वक्ताओं ने संचालकों तथा प्रशिक्षकों से अपील किया कि सबसे पहले वे सीखने का वातावरण तैयार करें फिर प्रशिक्षुओं के अंदर जज्बा पैदा करें कि लक्ष्य कठिन नहीं है।ताकि उनकी गाढी कमाई का सदुपयोग हो।फिर जब बच्चे अच्छा करेंगे तो उनका तथा उनके परिजनों को तो खुशी मिलेगी ही।प्रशिक्षक तथा क्षेत्रवासी भी गौरवान्वित महसूस करेंगे।
वक्ताओं ने रियायती फीस लेने का भी आग्रह किया तो प्रशिक्षुओं से अनुशासित रहकर सीखने का संदेश दिया।शुभारंभ में 800 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई।जिसमें सफल प्रथम,द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों उपहार देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर प्रशिक्षक डेविल, राजेश उरांव,मदन हेम्ब्रम सहित दर्जनों अन्य मौजूद रहे।


























