पोठिया में नव नियुक्त कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आबिद हुसैन का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं ने संगठन मजबूती का लिया संकल्प

SHARE:

किशनगंज/पोठिया/राज कुमार

प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में रविवार को नव नियुक्त प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद आबिद हुसैन के सम्मान में स्वागत सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर नव नियुक्त अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेताओं ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की एकजुटता और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा।

गौरतलब है कि बीते दिनों बिहार कांग्रेस की ओर से संगठन सृजन अभियान चलाया गया था। इस अभियान के तहत पोठिया प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार सामने आए थे। अभियान के दौरान मोहम्मद आबिद हुसैन ने सबसे अधिक लोगों को कांग्रेस संगठन से जोड़ने का कार्य किया। बेहतर प्रदर्शन और संगठन के प्रति सक्रियता को देखते हुए पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा उन्हें पोठिया प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।


नव नियुक्त प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद आबिद हुसैन ने कहा कि पार्टी ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी दी है, उस भरोसे पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान में प्रखंड स्तर पर 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन कार्यकर्ताओं के सहयोग से उन्होंने 860 नए सदस्यों को कांग्रेस परिवार से जोड़ने का कार्य किया। इस उपलब्धि के साथ पोठिया पूरे बिहार में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला प्रखंड बना । उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य गांव गांव तक संगठन को मजबूत करना और हर वर्ग की आवाज को पार्टी के माध्यम से आगे बढ़ाना है।
वही

पूर्व प्रमुख जाकिर हुसैन ने कहा कि आबिद हुसैन जैसे सक्रिय कार्यकर्ता को प्रखंड अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना संगठन के लिए मजबूती का संकेत है। उन्होंने कहा कि सभी पुराने और नए कार्यकर्ता एक साथ मिलकर कांग्रेस की नीतियों को जन जन तक पहुंचाएंगे। संगठन की मजबूती के लिए हर स्तर पर सहयोग किया जाएगा।

वहीं कांग्रेस नेता बदरुल आलम ने कहा कि संगठन सृजन अभियान ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पोठिया में कांग्रेस का जनाधार मजबूत रहा है और नए नेतृत्व के साथ पार्टी और मजबूती से आगे बढ़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने नव नियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए संगठन हित में एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। इस मौके पर पूर्व प्रमुख जाकिर हुसैन, एहसान आलम, यूनुस आलम, रब्बानी, मोहम्मद बदरुल आलम, अफ़ज़ल, असगर अली धुलिया राय सादिक आलम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई