पोठिया/किशनगंज: पोठिया प्रखंड क्षेत्र के छत्तरगाछ पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 12 गेरामाड़ी गांव में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। हल्की बारिश होते ही गांव की मुख्य सड़क तालाब का रूप ले लेती है। वहीं घरों से निकलने वाला नाले और गड्ढे का गंदा पानी भी सड़क पर बहाए जाने से चारों ओर गंदगी, बदबू और कीचड़ फैल गया है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव की लगभग तीन हजार की आबादी प्रतिदिन इसी सड़क से आवागमन करती है। सबसे अधिक परेशानी नमाजियों को होती है। गांव में स्थित जामा मस्जिद जाने के लिए लोगों को इसी गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे कई लोगों की निजी जमीन होने के कारण लोगों ने अपनी जमीन को टीन आदि से घेर दिया है। वहीं कुछ स्थानों पर सड़क से सटाकर अतिक्रमण किए जाने के कारण नाला निर्माण में बाधा आ रही है। नाला नहीं बनने से पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है।
ग्रामीण मोहम्मद रिजवान ने बताया कि वर्षों से लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं। सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण नाला निर्माण नहीं हो पा रहा है। प्रशासन यदि सड़क की मापी कर अतिक्रमण मुक्त कराए तो नाला निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा और ग्रामीणों को जलजमाव से राहत मिलेगी।
वहीं ग्रामीण मौलाना शमीम रियाज़, सलाहउद्दीन ने कहा कि गांव की बड़ी आबादी इसी रास्ते पर निर्भर है। बच्चे स्कूल जाते हैं, बुजुर्ग और नमाजी इसी रास्ते से गुजरते हैं। गंदे पानी के कारण बीमारी फैलने का भी डर बना रहता है। कई बार समस्या बताने के बाद भी अब तक स्थायी समाधान नहीं निकला है।
ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सड़क किनारे अतिक्रमण हटाकर जल्द नाला निर्माण कराने की मांग की है। इस मौके पर मोहम्मद आदिल,सोहेल, तनफूज़, अली हुसैन, मोहम्मद फारुक सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।


























