बंगाल पुलिस के हत्थे चढ़ा किशनगंज का युवक, 25 लाख का गांजा बरामद,दो तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

संवाददाता/किशनगंज

फिल्मी अंदाज में वाहन का पीछा कर पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर पुलिस जिले की स्पेशल क्राइम यूनिट और चाकुलिया थाना पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार देर रात चाकुलिया थाना क्षेत्र के लाहिल इलाके में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इजार आलम और अजय कुमार पोद्दार के रूप में हुई है। इजार आलम चाकुलिया के ठाकुरबाड़ी क्षेत्र का निवासी है, जबकि अजय कुमार पोद्दार बिहार के किशनगंज जिले के हवाई अड्डा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।


पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात स्पेशल क्राइम यूनिट की टीम नियमित गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो संदिग्ध परिस्थितियों में घूमती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा शुरू कर दिया।


काफी दूर तक पीछा करने के बाद लाहिल इलाके में पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर से लगभग 1 क्विंटल 14 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।


सूचना मिलते ही चाकुलिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। इस बड़ी बरामदगी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला एक सक्रिय गिरोह काम कर रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से उस नेटवर्क के अहम सुराग मिल सकते हैं।


प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि गिरफ्तार आरोपी गोयालपोखर समेत आसपास के क्षेत्रों में गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। गांजे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इस रैकेट में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी गिरोह के सरगनाओं तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।अभियान के दौरान चाकुलिया थाना प्रभारी अरिंदम मंडल, कानकी पुलिस चौकी प्रभारी कौशिक पांडेय, एसआई जहांगीर आलम, स्पेशल क्राइम यूनिट के एसआई हाशमी अली समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई