टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र की हाटगांव पंचायत में आगामी 16 जून 2026 को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की सफलता सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को पंचायत सरकार भवन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अजय कुमार ने की।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं पंचायत स्तर के कर्मियों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सहयोग शिविर के माध्यम से ग्रामीणों तक विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाना तथा शिविर के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करना था।
इस दौरान शिविर में उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं, विभागीय भागीदारी, जनसहभागिता और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर सरकार और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
साथ ही पात्र लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने, प्रमाण पत्रों से संबंधित समस्याओं के निराकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, कृषि, राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर के दौरान आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, आवश्यक दस्तावेजों की जांच, आवेदन प्राप्ति एवं निष्पादन सहित सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा गया।
साथ ही जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया। बैठक में अंचलाधिकारी शशि कुमार, कृषि पदाधिकारी मो. आदिल अनवर, जिला परिषद प्रतिनिधि अकमल समसी, मुखिया तसनीम अतहर, पंचायत समिति प्रतिनिधि हिमायु आलम सहित सभी वार्ड सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के कर्मी उपस्थित रहे।बैठक के अंत में सहयोग शिविर को सफल एवं जनहितकारी बनाने के लिए सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ उनके पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराया जा सकेगा।



























