टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल कार्यालय में शनिवार को भूमि संबंधी जनसमस्याओं एवं जमीनी विवादों के समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता अंचल अधिकारी शशि कुमार ने की। इस दौरान विभिन्न पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने भूमि विवाद, सीमांकन, दाखिल-खारिज एवं अन्य राजस्व संबंधी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।
जनसुनवाई कार्यक्रम में हल्का कर्मचारी विशाल कुमार, स्थानीय पुलिस पदाधिकारी तथा अंचल कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे। अंचल अधिकारी ने एक-एक कर सभी मामलों की सुनवाई की तथा संबंधित पक्षों की बातों को गंभीरता से सुना। कई मामलों में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनवाकर समाधान का प्रयास किया गया।
जनता दरबार के दौरान प्राप्त मामलों में से पांच भूमि विवादों का ऑन द स्पॉट निष्पादन कर दिया गया, जिससे संबंधित पक्षों को तत्काल राहत मिली। वहीं कुछ नए आवेदन भी प्राप्त हुए, जिनकी जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया गया।अंचल अधिकारी शशि कुमार ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों को भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सरल एवं सुलभ मंच उपलब्ध कराना है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने विवादों के समाधान के लिए विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।
शेष लंबित मामलों की सुनवाई एवं निष्पादन अगले शनिवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में किया जाएगा। जनता दरबार के आयोजन से क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है, जिससे भूमि विवादों के समाधान में तेजी आ रही है।



























