टेढ़ागाछ में सात मदरसों का औचक निरीक्षण,शैक्षणिक व्यवस्था व मध्याह्न भोजन की हुई जांच

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में संचालित मदरसों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार एवं प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कालपीर, झुनकी मुसहरा, मटियारी एवं चिल्हनियां पंचायतों के कुल सात मदरसों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पंजी, मदरसा शिक्षकों एवं मौलवियों की उपस्थिति पंजी, मध्याह्न भोजन चखनी पंजी तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की। साथ ही विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने भोजन की स्वच्छता, मेन्यू के अनुरूप भोजन उपलब्धता तथा छात्रों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।


प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि चार पंचायतों के सात मदरसों की जांच की गई है। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक गतिविधियों की नियमितता सुनिश्चित करना, छात्रों की उपस्थिति की समीक्षा करना तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति का मूल्यांकन करना था। उन्होंने कहा कि सभी संस्थानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन करने का निर्देश दिया गया है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मदरसा प्रबंधन से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया। जहां आवश्यक पाया गया, वहां सुधारात्मक सुझाव भी दिए गए।प्रखंड प्रशासन द्वारा किए गए इस निरीक्षण अभियान से मदरसों में शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सरकारी योजनाओं के पारदर्शी संचालन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए नियमित निरीक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई