झमाझम बारिश से गर्मी से राहत,किसानों व पशुपालकों के चेहरे खिले

SHARE:

हसनगंज /कटिहार -शनिवार को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।बारिश का फायदा मखाना उत्पादक किसानों को भी मिला है।

खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से मखाना फसल को लाभ होने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि लगातार बढ़ रही गर्मी का फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था, लेकिन बारिश ने स्थिति में सुधार किया है और फसलों को नई ऊर्जा मिली है।वहीं, पशुपालकों के लिए भी यह बारिश राहत लेकर आई है। भीषण गर्मी का असर दुधारू पशुओं पर साफ दिखाई दे रहा था।

अत्यधिक तापमान और उमस के कारण पशुओं के दूध उत्पादन में कमी आ गई थी। पशुपालकों ने बताया कि गर्मी से पशु काफी परेशान थे, जिससे उनकी दूध देने की क्षमता प्रभावित हुई थी।

दूध विक्रेता मिथुन कुमार यादव ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण दुधारू पशुओं के दुग्ध उत्पादन में करीब 10 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई थी। बारिश के बाद मौसम में ठंडक आई है, जिससे पशुओं को राहत मिलेगी और दूध उत्पादन में भी सुधार होने की उम्मीद है।बारिश से आम लोगों के साथ-साथ किसानों और पशुपालकों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई है। मौसम में आए इस बदलाव को सभी वर्गों ने राहत भरा बताया है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई