भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी एवं पुलिस की संयुक्त गश्ती अभियान,सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 12वीं बटालियन एवं फतेहपुर थाना पुलिस द्वारा संयुक्त गश्ती अभियान चलाया गया।

इस दौरान सीमा चौकी फतेहपुर के प्रभारी एसआई आधारी लोस तथा फतेहपुर थानाध्यक्ष सृष्टि कुमारी के नेतृत्व में एसएसबी एवं पुलिस के जवानों ने सीमा क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।संयुक्त गश्ती के दौरान जवानों ने सीमा से सटे गांवों, प्रमुख मार्गों तथा आवागमन वाले क्षेत्रों में निगरानी रखी।

साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की गई।अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त कीं।गश्ती अभियान के दौरान सीमा पार से होने वाली तस्करी, अवैध आवाजाही तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।

अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसबी और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के साथ नियमित रूप से संयुक्त अभियान चलाया जाता है। एसएसबी एवं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सीमा की सुरक्षा देश की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

इसलिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। संयुक्त गश्ती अभियान से सीमा क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत होने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों में भी भय का वातावरण बना रहता है।स्थानीय लोगों ने भी एसएसबी एवं पुलिस की इस संयुक्त पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित गश्ती अभियान से सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में काफी मदद मिलती है।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!