टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 12वीं बटालियन के जवानों ने शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह कार्यक्रम “ई” समवाय माफीटोला के अंतर्गत सीमा चौकी फतेहपुर में आयोजित किया गया, जिसमें भारत और नेपाल के सुरक्षा बलों के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व “ई” समवाय माफीटोला के समवाय प्रभारी निरीक्षक राज कुमार ने किया। इस अवसर पर सीमा चौकी फतेहपुर के कमांडर उपनिरीक्षक अदाहरी लोसा, नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) के उप-अधीक्षक किशोर कुमार श्रेष्ठा सहित दोनों देशों के सुरक्षा बलों के कई जवान उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित जवानों एवं स्थानीय लोगों को विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस प्रत्येक वर्ष 5 जून को मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना तथा पृथ्वी को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है।
अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, वनों की कटाई और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और बेहतर जीवन का आधार भी बनते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी जवानों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन- जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण के इस अभियान ने भारत-नेपाल सीमा पर पर्यावरण संरक्षण और आपसी सहयोग का एक सकारात्मक संदेश दिया।


























