विश्व पर्यावरण दिवस पर टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय परिसर में हुआ वृक्षारोपण

SHARE:

एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय परिसर में ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार एवं महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत संचालित “एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना था।


कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचलाधिकारी शशि कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी विपिन कुमार, पंचायत समिति प्रतिनिधि हिमायु आलम, पूर्व पैक्स अध्यक्ष सहित अन्य अधिकारियों, कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से पांच फलदार पौधों का रोपण किया।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प भी लिया।वृक्षारोपण के उपरांत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के कारण पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि पेड़-पौधे केवल ऑक्सीजन प्रदान नहीं करते, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, भूजल संरक्षण, जैव विविधता को सुरक्षित रखने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उन्हें संरक्षित रखने की अपील की।


कार्यक्रम के दौरान “माँ का प्यार और एक पेड़ की छांव, दोनों जीवन भर का साथ” थीम पर आधारित अभियान की महत्ता पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार माँ अपने बच्चों का पालन- पोषण करती है, उसी प्रकार एक पेड़ भी जीवन भर मानव समाज को छाया, फल, ऑक्सीजन और अनेक प्रकार के लाभ प्रदान करता है।

इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायत सरकार भवनों, सरकारी संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा लोगों को हरित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई