नाबालिग के जरिए सूखे नशे की तस्करी को दिया जा रहा है अंजाम
संवाददाता/किशनगंज
सीमावर्ती किशनगंज जिले में नाबालिग से सूखे नशे की तस्करी के मामले का खुलासा हुआ है।नशे के सौदागर अब नाबालिगों को प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसा रहे है,ताकि पुलिस को शक नहीं हो।दरअसल मामले का खुलासा तब हुआ जब किशनगंज में राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से एक नाबालिग को 100 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया ।
गौरतलब हो कि दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से शुक्रवार को आरपीएफ और उत्पाद विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 100 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक नाबालिग लड़के को पकड़ा है। राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन जैसे ही किशनगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंची ट्रेन के पहुंचते ही आरपीएफ और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम के द्वारा कार्रवाई की गई।
वही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन की एक बोगी की तलाशी के दौरान एक नाबालिग लड़के को ट्रेन से उतारकर जांच शुरू की गई। नाबालिग के पास से टीम ने 100 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। टीम में आरपीएफ इंचार्ज एचके शर्मा, उत्पाद निरीक्षक हैदर अली व अन्य आरपीएफ कर्मी शामिल थे।ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए नाबालिग लड़के से पूछताछ की गई। पूछताछ में बताया गया की ब्राउन शुगर सिलीगुड़ी में किसी ने उसे दिया था और अररिया में डिलीवरी देना था।
वही एनजीपी से राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में बिना टिकट के चढ़ गए और कटिहार उतरकर किसी अन्य ट्रेन से अररिया जाने के फिराक में था। लेकिन राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में टिकट नहीं होने के कारण ट्रेन की बोगी में इधर से उधर घूम रहा था इसी दौरान टीम की नजर उक्त नाबालिग लड़के पर पड़ी।जिससे वह घबरा गया और जांच करने पर एक छोटा कंटेनर में छुपा कर रखा ब्राउन शुगर बरामद किया गया।आरपीएफ ने कार्रवाई के उपरांत ब्राउन शुगर और नाबालिग लड़के को उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया।
उत्पाद विभाग अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।आरपीएफ इंचार्ज एचके शर्मा ने बताया कि उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में राजधानी एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान एक नाबालिग लड़का के पास से ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। जप्त ब्राउन शुगर को उत्पाद विभाग को सौंपे जाने की प्रक्रिया जारी थी।



























