मनिहारी/कटिहार – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों एवं प्रखंड मुख्यालय में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरण प्रेमियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी सनत कुमार ने प्रखंड परिसर में पौधारोपण किया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पेड़ लगाए और उनकी देखभाल भी करे। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने घर, विद्यालय, कार्यालय तथा सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि पेड़-पौधे न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं।
बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वृक्षों के संरक्षण से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि,सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रखंड कर्मी मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया। इस मौके पर प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सोनू कुमार, मनरेगा तकनीकि सहायक उदयमोहन झा सहित अन्य पदाधिकारी ने भी पौधारोपण किया।


























