पटना :प्रधान शिक्षकों के शिष्टमंडल ने शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी से मिलकर विभिन्न मांगो को लेकर आवेदन सौंपा है ।नियमित सत्र वर्ष 2014-16, 2015-17 एवं 2016-18 में प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षकों के एक शिष्टमंडल ने बिहार के शिक्षा मंत्री से विरमन तिथि से वित्तीय लाभ प्रदान करने की मांग की है। शिक्षकों ने कहा है कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में निदेशक, प्राथमिक शिक्षा, बिहार, पटना द्वारा जारी ज्ञापांक मू.-01-18/2021 (अंश)-1687 दिनांक 21 मई 2026 के तहत कुछ शिक्षकों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद विरमन तिथि से वित्तीय लाभ देने का आदेश जारी किया गया है।
शिक्षकों का कहना है कि समान प्रशिक्षण सत्र और समान परिस्थितियों के बावजूद बिहार के विभिन्न जिलों के हजारों प्रधान शिक्षक अब भी इस लाभ से वंचित हैं। इससे शिक्षकों के बीच असंतोष और भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उनका कहना है कि कुछ शिक्षकों को लाभ देकर शेष पात्र शिक्षकों को इससे वंचित रखना समानता और न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है।
शिष्टमंडल ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि बिना किसी भेदभाव के नियमित सत्र 2014-16, 2015-17 एवं 2016-18 के सभी प्रशिक्षण प्राप्त वंचित शिक्षकों को विरमन तिथि से वित्तीय लाभ प्रदान करने का आदेश शीघ्र जारी किया जाए। शिक्षकों ने उम्मीद जताई है कि विभाग स्वयं संज्ञान लेते हुए सभी पात्र शिक्षकों को उनका वैध अधिकार उपलब्ध कराएगा।वही शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों की समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिया है ।


























