टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत संचालित स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु अभियान के तहत गुरुवार को टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से व्यापक पौधारोपण किया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचल अधिकारी शशि कुमार तथा प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी विवेक भारती ने अलग-अलग पंचायतों में पहुंचकर पौधे लगाए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर, पंचायत भवन, सार्वजनिक स्थलों एवं खाली भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अधिकारियों ने बताया कि हरित वातावरण के निर्माण, स्वच्छता को बढ़ावा देने और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।




























