भोरहा एवं धबेली पंचायत में आगामी सहयोग शिविर की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र की भोरहा एवं धबेली पंचायत में आयोजित होने वाले आगामी 16 जून 2026 को सहयोग शिविर की सफलता को लेकर गुरुवार को संबंधित पंचायत भवनों में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने की।

बैठक का उद्देश्य सहयोग शिविर के माध्यम से आम लोगों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाना तथा शिविर के सफल संचालन हेतु आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करना था।


बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों को सहयोग शिविर के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।


इस दौरान पंचायतों में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा भी की गई।अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने- अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को सहयोग शिविर की जानकारी दें, ताकि पात्र लाभार्थी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर शिविर में प्रस्तुत करने पर भी बल दिया गया।बैठक में पंचायती राज पदाधिकारी विवेक भारती, प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास, अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी संजीव कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी साझा करते हुए शिविर के दौरान उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं पर चर्चा की।


अधिकारियों ने बताया कि सहयोग शिविर में राजस्व, शिक्षा, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, राशन कार्ड, आधार से संबंधित समस्याओं, विभिन्न प्रमाण-पत्रों, कल्याणकारी योजनाओं एवं अन्य जनसेवाओं से जुड़े मामलों का निष्पादन किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों के कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि सहयोग शिविर कोजनहितकारी एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से शिविर का सफल आयोजन होगा तथा ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!