कटिहार – जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता डॉ. सुशील कुमार सुमन ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा,प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा तथा सीमांचल की धरोहर एवं कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान की प्रतीक बिहार सरकार की मंत्री श्रीमती लेशी सिंह से मांग की है कि सीमांचल क्षेत्र, विशेषकर कटिहार जिले के किसी योग्य,संघर्षशील, समर्पित एवं लोकप्रिय जेडीयू कार्यकर्ता को बिहार विधान परिषद का सदस्य मनोनीत कर क्षेत्र को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाय।
डॉ. सुमन ने कहा कि जनता दल यू की स्थापना से लेकर आज तक सीमांचल क्षेत्र के हजारों कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकासोन्मुखी नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके बावजूद आज तक सीमांचल के किसी समर्पित जेडीयू कार्यकर्ता को बिहार विधान परिषद में मनोनीत होने का अवसर नहीं मिला है।
यह क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की वर्षों पुरानी अपेक्षा है, जिस पर अब गंभीरता से विचार किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सीमांचल क्षेत्र से सदैव विशेष स्नेह एवं आत्मीय संबंध रहा है। कटिहार सहित पूरे सीमांचल की जनता ने भी समय-समय पर जेडीयू और उसके नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए भरपूर समर्थन दिया है।
पार्टी के संगठनात्मक विस्तार से लेकर चुनावी सफलता तक में सीमांचल के कार्यकर्ताओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। डॉ. सुमन ने कहा कि कटिहार जिला जेडीयू के समर्पित,कर्मठ एवं संघर्षशील कार्यकर्ताओं की मजबूत फौज के लिए पूरे बिहार में जाना जाता है। यहां ऐसे अनेक कार्यकर्ता हैं जिन्होंने वर्षों तक बिना किसी पद,प्रतिष्ठा या लाभ की अपेक्षा के पार्टी की सेवा की है, कठिन परिस्थितियों में भी संगठन के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखी है तथा पार्टी की विचारधारा को मजबूती प्रदान की है।
उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व से आग्रह किया कि एक व्यापक सर्वेक्षण कर ऐसे कार्यकर्ता की पहचान की जाए जिसने पार्टी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया हो, जो वर्षों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन की सेवा करता रहा हो, जिसकी छवि स्वच्छ एवं जनप्रिय हो तथा जो न केवल आम आवाम के बीच लोकप्रिय हो बल्कि जेडीयू कार्यकर्ताओं के बीच भी समान रूप से सम्मानित,स्वीकार्य और प्रिय हो। ऐसे कार्यकर्ता को बिहार विधान परिषद में मनोनीत किया जाना सीमांचल के लाखों कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान होगा तथा इससे संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्राप्त होगी।
डॉ. सुमन ने कहा कि यदि पार्टी ऐसे जमीनी एवं जनप्रिय कार्यकर्ता को अवसर देती है तो इससे यह स्पष्ट संदेश जाएगा कि जेडीयू अपने समर्पित कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और निष्ठा का सम्मान करना जानती है। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा, संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा सीमांचल क्षेत्र में पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी। इस मांग का समर्थन करने वालों में जेडीयू नेता शिवप्रकाश गाड़ोदिया, पूर्व नगर कार्यकारी अध्यक्ष संजय सिंह, जिला परिषद सदस्य गुणसागर पासवान, नरेश शर्मा, रणधीर जायसवाल, संजीव श्रीवास्तव, रमेश उर्फ टिंकू मंडल, पुरुषोत्तम वर्मा, रवि महावार, दीपक कुमार, मोजिबुर रहमान, श्रीमती खुशबू झा, श्रीमती नंदनी ठाकुर, श्रीमती बीना देवी, मोहन सिंह, मनोज मंडल सहित बड़ी संख्या में जेडीयू कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हैं।

























