मामला आबादपुर थाना क्षेत्र का
बारसोई/कटिहार – बुधवार को प्रखंड के आबादपुर थाना क्षेत्र के बालूखोदा गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या कर दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। मृतका के भाई ने पति,सास-ससुर समेत आठ लोगों के उपर शक जताया है। जानकारी के अनुसार मृतका अफसाना खातून की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व बालूखोदा निवासी शाह आलम के साथ हुई थी।
शादी के बाद दोनों के तीन बच्चे भी हुए। मृतका के भाई मोहम्मद कादिर ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही शाह आलम,उनके पिता मोहम्मद इस्लाम तथा अन्य परिजन दहेज की मांग को लेकर उनकी बहन को लगातार प्रताड़ित करते थे। इस संबंध में कई बार पंचायत भी हुई। लेकिन आरोपितों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। मृतका की भाई कादिर ने कहा है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बहन की हत्या कर दी गई।
उन्होंने पति शाह आलम, सास-ससुर सहित आठ लोगों के उपर शक जताया है। घटना की सूचना मिलते ही आबादपुर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी। वही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।आबादपुर थाना अध्यक्ष शादाब अहमद ने कहा कि घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची है। लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लेकिन अभी तक पीड़ित द्वारा आवेदन नहीं दिए गए हैं।

























